42. एक लेवा एक देवा दूतं। कोई किसी का पिता न पूतं | जीने की राह


ek-leva-ek-deva-dootam-hindi-photo

एक किसान के घर एक पुत्र उत्पन्न हुआ। पुत्र आठ वर्ष का हुआ तो पत्नी की मृत्यु हो गई। किसान के पास 16 एकड़ जमीन थी। कुछ वर्ष पश्चात् किसान ने दूसरी शादी की। उस पत्नी से भी एक पुत्र उत्पन्न हुआ। कुछ वर्ष पश्चात् उस पत्नी की भी मृत्यु हो गई। किसान का प्रथम पत्नी वाला पुत्र 16 वर्ष का हुआ। उसका विवाह कर दिया। किसान की भी मृत्यु हो गई। छोटा लड़का 10-12 वर्ष की आयु में रोगी हो गया। कुछ दिन उपचार कराया, फिर बड़े भाई (मौसी का बेटा) ने तथा उसकी पत्नी ने विचार किया कि उपचार पर क्यों खर्च किया? यदि मर गया तो इसके हिस्से के आठ एकड़ जमीन अपने पास रह जाएगी। यह विचार करके पड़ोस के गाँव से जो वैद्य उपचार के लिए आता था, उससे कहा कि इस लड़के को औषधि में विष मिलाकर दे दो। हम आपको धन दे देंगे। पाँच सौ रूपये के लालच में वैद्य ने उस लड़के को औषधि में विष खिलाकर मार दिया। गाँव वालों को बताया गया कि रोग के कारण मृत्यु हो गई। किसी को शंका नहीं हुई। बच्चे की मृत्यु रोग के कारण हुई मान ली।

उस मौसी के बेटे की मृत्यु के एक वर्ष पश्चात् बड़े भाई को पुत्र प्राप्त हुआ। खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चे के जन्म की खुशी में जीमनवार (लंगर) किया। पूरे गाँव में मिठाई बाँटी गई। उसके पश्चात् कोई संतान नहीं हुई। इकलौते पुत्र को प्रेम से पाला। अच्छा घी-दूध, दही खिला-पिलाकर हष्ट-पुष्ट कर दिया। सोलह वर्ष की आयु में विवाह कर दिया। उस समय बाल विवाह को गर्व की बात माना जाता था। वह लड़का रोगी हो गया। वैद्य पर वैद्य बुलाए। मंहगे से मंहगी औषधि खिलाई, परंतु व्यर्थ रहा। उस समय एक महीने में एक-एक हजार की औषधि खिलाई गई। हीरा तथा मोती भस्म भी औषधि में मिलाकर लड़के को खिलाया गया। जिस कारण से आठ एकड़ जमीन भी बेचनी पड़ी, परंतु रोग घटने की बजाय बढ़ता ही चला गया और अंतिम दिन आ गया। लड़के का पिता चिंतित अवस्था में पुत्र के पास बैठा था। उसी समय लड़का बोला, भाई साहब! एक काम कर। पिता ने कहा कि बेटा! मैं तेरा पिता हूँ। लड़का बोला कि मैं तेरा वह भाई हूँ जिसको आपने विष देकर मरवाया था। मैं ही अपना बदला लेने आपके पुत्र रूप में जन्मा हूँ। उस लड़के की माता जी भी वहीं विराजमान थी। लड़का बोला कि आठ एकड़ जमीन मेरे हिस्से की थी, वह मैंने वसूल कर ली है। अब केवल कफन तथा लकड़ियों का हिसाब शेष है, उसकी तैयारी करो। यह बात सुनकर पिता उर्फ भाई का मुख फटा का फटा रह गया। अपने किए पर दोनों (पति-पत्नी) ने पश्चाताप किया। परमात्मा का विधान अटल है। बड़े भाई ने पुत्र रूप में जन्मे छोटे भाई से प्रश्न किया कि हमने लालच में आकर जो पाप किया, हमें तो परमात्मा ने फल दे दिया। जिस उद्देश्य के लिए आपकी जान ली थी, वह आठ एकड़ जमीन गई तथा अन्य संतान है नहीं। यह शेष जमीन कोई और ही लेगा। हमारा तो नाश हुआ सो हुआ, यह तो होना ही चाहिए था। परमात्मा ने न्याय किया, परंतु जो लड़की आपकी पत्नी रूप में आई है, इसने कौन-सा अपराध किया है? जिस कारण से यह सती प्रथा के तहत आपके साथ जिंदा जलाई जाएगी। इसके साथ भगवान ने अन्याय किया है। छोटा भाई उर्फ पुत्र बोला कि मेरी मृत्यु के दो वर्ष पश्चात् वह वैद्य मर गया था जिसने मुझे पाँच सौ रूपये के लालच में विष देकर मारा था। यह पत्नी वही वैद्य (डाॅक्टर) वाली आत्मा है। इसको वह फल मिलेगा, जिंदा जलाई जाएगी। उस समय सती प्रथा जोरों पर थी। पति की मृत्यु के पश्चात् पत्नी को जिंदा उसी चिता में जलाया जाता।

प्रिय पाठको! विचार करो, परमात्मा की दृष्टि से कुछ नहीं छुपा है। जैसा करेगा, वैसा भरना पड़ेगा। प्रत्येक परिवार इसी प्रकार संस्कार के कारण एक-दूसरे से जुड़ा है। कोई पूर्व जन्म का कर्ज उतारने के लिए जन्मा है, कोई पूर्व जन्म का कर्ज लेने जन्मा है। उदाहरण के लिए:-

पिता ने लड़के को पढ़ाया। शादी से दो दिन पहले दुर्घटनाग्रस्त होकर मर गया। वह अपना कर्ज पिता से लेने आया था। बेटा जवान हुआ। कार्य करके निर्वाह करने लगा। पिता रोगी हो गया, लाखों रूपये लगे, व्यर्थ रहे, मर गया। यह पिता पिछले जन्म का कर्ज लेने आया था। कुछ देने आया था। लड़की का विवाह किया, दो वर्ष पश्चात् लड़की मर गई। बहुत दहेज दिया था। वह दामाद पूर्व जन्म के ऋण के बदले में लड़की भी ले गया और धन भी। वर्तमान में जो किसी के साथ धोखा करके धन हड़प लेते हैं, वह धन अगले जन्म में दामाद बनकर वसूलेगा। परमात्मा का अटल विधान है। बुद्धिमान को संकेत ही पर्याप्त है। उपरोक्त केवल कथा नहीं है, यह हकीकत है। कोई यह कहता है कि यह तो डराने के लिए कथा बनाई। किसने देखा है क्या होगा? जैसे चोर को भद्रपुरूष समझाते हैं कि भाई! चोरी मत किया कर। जब पकड़ा जाएगा तो पहले तो जनता पिटाई करेगी, फिर पुलिस पीटेगी और जेल में भी कष्ट उठाना पड़ेगा। यदि कोई कहे कि यह तो चोर को डराने के लिए कहा है। किसने देखा है कि आगे क्या होता है? विचार करें कि चोर को सच्चाई से अवगत करवाकर डराया है और सच्चाई भी है। यदि चोर सच्चाई से डरकर चोरी करना त्याग देगा तो उसकी भलाई है। यदि कहेगा कि किसने देखा है, आगे क्या होता है? उसके साथ वह सब गुजरेगी जो पहले बताई गई थी। इसी प्रकार जो उपरोक्त कथा को केवल समझाने-डराने के लिए ही मानेगा तो दुर्भाग्य होगा। इसको इतनी ही सत्य समझना, जैसे चोर को सतर्क किया है।

लेखक ने यह कथा सन् 1978 में एक पशुओं के डाॅक्टर से सुनी थी जो किसान के दो पुत्रों वाली कथा ऊपर बताई है। वह इस कथा को अपने पास बैठने वाले को अवश्य सुनाता था, परंतु अमल कतई नहीं करता था। दस रूपये की दवाई देकर चार distilled water के इन्जैक्शन लगाकर 200-300 रूपये वसूलता था। फिर शाम को मिलता तो अपने कारनामे भी बताता था कि यदि कम रूपये लूंगा तो भैंस वाला यह समझेगा कि अच्छी दवाई नहीं दी। भैंस को स्वस्थ तो दस रूपये की दवाई से ही हो जाना था। विचार करें कि ऐसे व्यक्तियों की कथनी और करनी में अंतर है तो उनके द्वारा सुनाई इन कथाओं का अन्य पर कैसे प्रभाव होगा? संत गरीबदास जी ने कहा है कि ये बातें कहन-सुनन की नहीं हैं, कर पाड़ने की हैं यानि इन पर अमल करना चाहिए। परमात्मा के विधान को समझकर निर्मल जीवन यापन करो। जीवन की राह को कांटों रहित बनाऐं।

एक लेवा एक देवा दूतं

जिस समय श्री शिव जी ने अपनी पत्नी पार्वती जी को अमरनाथ स्थान पर एक सूखे वृक्ष के नीचे बैठकर नाम दीक्षा (अमर मंत्र) दिया था। उस वृक्ष की खोगड़ (तने में बने बिल) में मादा तोते ने अण्डे उत्पन्न कर रखे थे। स्वस्थ अण्डे तो शिव जी की हाथों से बजाई ताली से बच्चे बनकर उड़ गए। उनमें एक अण्डा गंदा (अस्वस्थ) था। उसका जीव उसके अंदर था। जब श्री शिव जी ने श्री पार्वती जी को दीक्षा मंत्र सुनाया तो वह गंदा अण्डा स्वस्थ हो गया और तोते का बच्चा बन गया। पंख लग गई, उड़ने योग्य हो गया। पार्वती जी की समाधि लग गई। उसने हाँ-हाँ करना बंद कर दिया। तोता हाँ-हाँ करने लगा तो श्री शिव जी ने देखा कि पार्वती की तो समाधि लगी है, सुन-बोल कुछ नहीं रही है। हाँ-हाँ की आवाज किसकी है? देखा तो वृक्ष के तने के बिल (खोगड़) में तोता बोल रहा है। श्री शिव जी ने उसे मारना चाहा तो तोता उड़ गया। पीछे-पीछे श्री शिव जी सिद्धि से उड़कर मारने चले। ऋषि वेदव्यास जी की पत्नी ने जम्बाई ली। मुँह खोला तो तोते के शरीर को त्यागकर जीव व्यास की पत्नी के गर्भ में मुख से प्रवेश कर गया। श्री शिव जी ने व्यास की पत्नी से कहा कि मेरा ज्ञान चुराकर जीव तोते के शरीर को त्यागकर आपके गर्भ में चला गया है। यह मेरा चोर है, इसे मारूंगा। उसी समय ऋषि वेदव्यास जी भी आ गए थे, सब बातें सुन रहे थे। व्यास जी ने पूछा, हे भगवान! कौन-कैसा चोर? श्री शिव जी ने बताया कि मैं पार्वती जी को दीक्षा दे
रहा था। अंदर के कमलों का भेद बता रहा था तो इस तोते ने सुन लिया। यह किसी अनाधिकारी को मंत्र बता देगा तो वह अमर होकर जनता को पीड़ा देगा। यह अमर हो गया। मैं इस जीव को मारूंगा। व्यास जी बोले, हे शिव जी भगवान! जब यह अमर हो गया तो आप मारोगे कैसे? यह बात सुनकर श्री शंकर जी पार्वती के पास लौट गए। पार्वती जी को सब बातें बताई। श्री वेदव्यास जी ने अपनी दिव्य दृष्टि से देखा तो पता चला कि पत्नी के गर्भ में पुत्र है। बारह वर्ष के पश्चात् पुत्र उत्पन्न हुआ। माता कहती थी कि पुत्र का नाम सुखदेव रखना है। इसके गर्भ में रहते हुए मुझे कोई दुःख नहीं हुआ। मन में खुशी बनी रहती थी। सुख का आभास होता रहता है। इसलिए गर्भ में ही उस बालक का नाम सुखदेव रख दिया था।
तोते के अण्डे में रहने और तुरंत मानव शरीर प्राप्त करने के कारण ब्राह्मण लोग उसे शुक देव (शुक माने तोता) भी कहते थे। ऋषि शुकदेव जी का जन्म लेते ही बारह वर्ष का शरीर बन गया और उठकर चलने लगे तो ऋषि वेदव्यास जी ने कहा, हे पुत्र! कहाँ चला? शुकदेव जी अपने माता-पिता की ओर पीठ करके बोले, आपका और मेरा इतना ही संग है। (संस्कार है।) ऋषि व्यास जी ने कहा, हे पुत्र सुखदेव! हमने तेरे जन्म लेने की बारह वर्ष प्रतिक्षा की और आज आप छोड़कर जा रहे हो। एक बार मुख तो दिखा दे। सुखदेव ऋषि बोले, हे ऋषि जी! बहुत बार आप मेरे पिता बने, अनेको बार मैं आपका पिता बना। यह तो बड़ा बखेड़ा (झंझट) है। मैं भक्ति करके जन्म-मरण से मुक्ति करवाऊँगा। मैं आपकी ओर मुख इसलिए नहीं कर रहा हूँ कि कहीं मेरा आप में मोह न हो जाए। यह कह संत गरीबदास जी ने वाणी द्वारा बताया है कि:-

एक लेवा एक देवा दूतं, कोई काहू का पिता न पूतं।
ऋण सम्बन्ध जुड़ा एक ठाठा, अंत समय सब बारा बाटा।। 

भावार्थ:- शुकदेव जी ने कहा कि जो परिवार के सदस्य बेटा-पिता आदि-आदि नातों में हैं, वे सब पूर्व जन्मों का ऋण लेने या देने के लिए जुड़े हैं। वास्तव में कोई किसी का पिता-पुत्र नहीं है। मृत्यु के उपरांत सब अपने-अपने संस्कारवश भिन्न स्थानों पर जाकर अन्य शरीर धारण कर लेते हैं। इसलिए कोई किसी का पिता-पुत्र नहीं है।

पाठको ने ऊपर किसान के पुत्रों वाली कथा में पढ़ा है कि बड़े भाई ने छोटे मौसी के पुत्र को आठ एकड़ जमीन के लालच में मरवाया तो वही जीव उसका पुत्र बनकर अपना ऋण लेने जन्मा और अपना हिसाब चुकता करके मर गया। इसलिए कहा है कि:-

एक लेवा (ऋण लेने वाला) एक देवा (ऋण चुकाने वाला) दूतम। कोई काहू का पिता नहीं पूतं। ऋण सम्बन्ध जुड़ा एक ठाठा यानि परिवार रूप में ठाठ से रहते दिखाई देते हैं, अचानक मृत्यु हो जाती है। अंत समय में बारा बाटा यानि मुत्यु के पश्चात् कोई कहीं और जन्म लेगा यानि बारा (12) बाट (रास्तों) पर चले जाऐंगे। इतनी वार्ता पिता से करके शुकदेव आकाश में उड़कर अन्य स्थान पर चला गया। प्रिय पाठको! इसलिए भक्ति करो और जीव का कल्याण करवाओ। केवल परिवार के चिपककर अपना जीवन नष्ट न करो। परमात्मा की भक्ति से ऋण भी सरलता से उतर जाएगा।


 

FAQs : "एक लेवा एक देवा दूतं। कोई किसी का पिता न पूतं | जीने की राह"

Q.1 इस लेख में किसान और उसके दो बेटों की कहानी के बारे में क्या बताया गया है?

इस लेख में बताई गई कहानी के अनुसार यह पता चलता है कि व्यक्ति को अपने किए कर्मों का फल भोगना पड़ता है। यह कहानी एक किसान के परिवार के बारे में है। उसके दो बेटे थे। एक उसकी पहली पत्नी से और दूसरा उसकी दूसरी पत्नी से पैदा हुआ है। कहानी के अनुसार किसान का बड़ा बेटा ज़मीन के लालच में छोटे भाई को ज़हर देकर मार देता है। किसान के छोटे बेटे की मृत्यु के कुछ सालों बाद, मरा हुआ छोटा भाई, बड़े बेटे के इकलौते बेटे के रूप में पुनर्जन्म लेता है। जब वह जवान हो जाता है तो उसका विवाह कर देते हैं। विवाह के बाद वह बहुत बीमार रहने लगता है और एक दिन उस पर दवाई भी असर करना बंद कर देती है। एक दिन वह बीमार लड़का अपने पिता यानि कि बड़े भाई को कहता है कि मुझे मेरा पिछला जन्म सारा याद है। वह अपने पिता जी से कहता है कि भाई साहब अब हमारा केवल लकड़ियों का हिसाब बाकी रह रहा है क्योंकि जो बाकी की संपति मेरे हिस्से में थी वह मेरे इलाज पर खर्च हो गई। इस कहानी से हमें यह शिक्षा भी मिलती है कि कर्मों का फल तो भोगना ही पड़ता है। एक कहावत है कि "जैसा बोओगे, वैसा ही काटोगे"। यह कहावत हमें यही सीख देती है कि लालच और गलत कर्मों से सदा बचकर कर्म करने चाहिएं।

Q.2 लेख में इस बात का क्या अर्थ है कि "भगवान की नज़र से कुछ भी छिपा नहीं है"?

"भगवान की नज़र से कुछ भी छिपा नहीं है" का अर्थ है कि ईश्वर को सबके कर्मों का पता है। कुछ कार्य ऐसे भी होते हैं जो मनुष्य दूसरों से छिपकर करता है और मन ही मन यह सोच लेता है कि उसके कर्मों के बारे में किसी को कुछ पता नहीं चलेगा लेकिन वह यह भूल जाता है कि सर्वशक्तिमान ईश्वर को सब पता है। ईश्वर की दृष्टि से मनुष्य कुछ भी छिपा नहीं सकता।

Q. 3 ऋषि शुकदेव जी ने अपने नए जीवन में किस कारण से अपने माता-पिता का मोह त्याग दिया था?

ऋषि शुकदेव जी ने अपने माता-पिता का मोह इसलिए त्याग दिया था क्योंकि उन्हें माता के गर्भ में ही यह ज्ञान हो गया था कि यहां के सभी रिश्ते नाशवान हैं। मनुष्य का जन्म और मृत्यु होता है। यहां सभी रिश्तेनाते पुराने संस्कार के कारण जुड़े हैं। मृत्यु के बाद फिर सब अलग-अलग हो जाएंगे। वह जन्म-मृत्यु और मोह माया के चक्र से मुक्ति हासिल करना चाहते थे।

Q.4 कहानी में ऋषि शुकदेव जी के जीवन से क्या शिक्षा मिलती है?

ऋषि शुकदेव जी के जीवन से यह शिक्षा मिलती है कि यहां पर जुड़े सभी परिवारिक रिश्ते अस्थायी हैं। यह रिश्ते केवल व्यक्ति के पिछले कर्मों के आधार पर बनते हैं। इस कहानी का मुख्य उद्देश्य यह है कि व्यक्ति को पूर्ण गुरु की खोज करके इस जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्ति प्राप्त करनी चाहिए।

Q.5 इस लेख में बताई गई कहानियों से हमें क्या शिक्षा मिलती है?

इस लेख में लेखक ने यह समझाने की कोशिश की है कि मनुष्य को कर्म आधार पर ही उसके जीवन में दुख और सुख प्राप्त होते हैं। इसके अलावा मनुष्य को आध्यात्मिक मार्ग में आने वाली सभी कठिनाईयों का डटकर सामना करना चाहिए। यह लेख हमें यह शिक्षा भी देता है कि हमें मोक्ष प्राप्त करने के लिए पूर्ण गुरु की खोज करके उनके बताए अनुसार सर्वशक्तिमान ईश्वर की भक्ति करनी चाहिए और पारिवारिक रिश्तों से ज्यादा जुड़ाव नहीं रखना चाहिए क्योंकि ये रिश्ते हमारे कर्मों के ऋणों का ही परिणाम है।


 

Recent Comments

Latest Comments by users
यदि उपरोक्त सामग्री के संबंध में आपके कोई प्रश्न या सुझावहैं, तो कृपया हमें [email protected] पर ईमेल करें, हम इसे प्रमाण के साथ हल करने का प्रयास करेंगे।
Parul Upadhyay

मेरी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी तो मेरा पूरा सम्मान और मुझसे प्रेम करती है। लेकिन छोटी बेटी हमेशा मुझसे झगड़ती रहती है। वह मुझसे सिर्फ शिकायत ही करती रहती है। जबकि मैं अपनी दोनों बेटियों में कभी कोई भेदभाव नहीं करती। इसके बावजूद भी मेरी छोटी बेटी के साथ मेरे रिश्ते में इतनी खटास क्यों है?

Satlok Ashram

पारुल जी, आपकी दोनों बेटियों के आपके साथ कोई पिछले जन्मों से संस्कार जुड़े हुए हैं। इस लोक में बने सभी रिश्ते, पिछले जन्मों के कुछ कर्जों के आधार पर जुड़े हैं। आपका बड़ी बेटी के साथ मधुर रिश्ता होना और छोटी बेटी के साथ बिगड़े रिश्ते का कारण भी आपके पिछले जन्मों के संस्कार हैं। दोनों बेटियों के साथ आपका रिश्ता समान हो इसके लिए आपको आध्यात्मिक ज्ञान का होना अति आवश्यक है। अपनी बेटियों के साथ ऋण संबंधों और पुराने संस्कारों को ठीक करने के लिए आप संत रामपाल जी महाराज जी के सत्संग यूट्यूब चैनल पर सुनिए। इससे आपके परिवार में भी सुख-शांति आएगी और आपके रिश्तों में भी सुधार हो सकता है।

Madur Gupta

कुछ समय पहले मैंने अपने 12 साल के बेटे को खो दिया। अब मैं पूरी तरह से टूट चुका हूं। उम्मीद करता हूं कि मेरे बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी।

Satlok Ashram

इस लोक में जुड़े सभी रिश्ते अस्थायी हैं। यहां के सभी रिश्ते हमारे पिछले जन्मों के संस्कारों के कारण लेन-देन के आधार पर बनते हैं। आपके बेटे का आपके साथ इतना ही लेन-देन था। आपने पिछले संस्कारों के कारण उसका कुछ कर्ज़ चुकाना था इसलिए तो वह आपके बेटे के रूप में पैदा हुआ था। जब आप दोनों का एक-दूसरे से ऋण संस्कार पूरा हो गया तो आपके बेटे की भी मृत्यु हो गई। यही ईश्वर का नियम है। ऋण संबंधों के रहस्यों को समझने के लिए आपको आध्यात्मिक मार्ग को समझना होगा। भक्ति करने से ही व्यक्ति को अपने कर्मों, संबंधों और परमात्मा के विधान की जानकारी प्राप्त होती है। यदि आप सतभक्ति करेंगे तो आपको आपके बेटे की आत्मा की मुक्ति के लिए भी जानकारी मिलेगी। इसके लिए आप संत रामपाल जी महाराज जी के अमृत प्रवचनों को यूट्यूब चैनल पर सुनिए।