51. भक्त के 16 गुण (आभूषण) | जीने की राह


hans-characteristics-devotee-anurag-sagar-hindi-photo

अनुराग सागर के पृष्ठ 155 का सारांश:-

धर्मदास जी ने प्रश्न किया कि हे प्रभु! आपने काल-जाल समझाया, अब यह बताने की कृपा करें कि जीव को आपकी प्राप्ति के लिए क्या करना चाहिए? 

‘‘सतगुरू (कबीर जी) वचन‘‘

भक्त के 16 गुण (आभूषण)

परमेश्वर कबीर जी ने कहा कि हे धर्मदास! भवसागर यानि काल लोक से निकलने के लिए भक्ति की शक्ति की आवश्यकता होती है। परमात्मा प्राप्ति के लिए जीव में सोलह (16) लक्षण अनिवार्य हैं। इनको आत्मा के सोलह सिंगार (आभूषण) कहा जाता है।

1. ज्ञान 2. विवेक 3. सत्य 4. संतोष 5. प्रेम भाव 6. धीरज 7. निरधोषा (धोखा रहित) 8. दया 9. क्षमा 10. शील 11. निष्कर्मा 12. त्याग 13. बैराग 14. शांति निज धर्मा 15. भक्ति कर निज जीव उबारै 16. मित्र सम सबको चित धारै।

भावार्थ:- परमात्मा प्राप्ति के लिए भक्त में कुछ लक्षण विशेष होने चाहिऐं। ये 16 आभूषण अनिवार्य हैं।

1. तत्त्वज्ञान 2. विवेक 3. सत्य भाषण 4. परमात्मा के दिए में संतोष करे और उसको परमेश्वर की इच्छा जाने 5. प्रेम भाव से भक्ति करे तथा अन्य से भी मृदु भाषा में बात करे 6. धैर्य रखे, सतगुरू ने जो ज्ञान दिया है, उसकी सफलता के लिए हौंसला रखे फल की जल्दी न करे 7. किसी के साथ दगा (धोखा) नहीं करे 8. दया भाव रखे 9. भक्त तथा संत का आभूषण क्षमा भी है। शत्रु को भी क्षमा कर देना चाहिए 10. शील स्वभाव होना चाहिए। 11. भक्ति को निष्काम भाव से करे, सांसारिक लाभ प्राप्ति के उद्देश्य से नहीं करे 12. त्याग की भावना बहुत अनिवार्य है 13. बैराग्य होना चाहिए। संसार को असार तथा अपने जीवन को अस्थाई जानकर परमात्मा के प्रति विशेष लगाव होना मोक्ष में अति आवश्यक है 14. भक्त का विशेष गुण शांति होती है, यह भी अनिवार्य है 15. भक्ति करना यानि भक्ति करके अपने जीव का कल्याण कराऐं 16. प्रत्येक व्यक्ति के साथ मित्र के समान व्यवहार करना चाहिए।

ये उपरोक्त गुण होने के पश्चात् सत्यलोक जाया जाएगा। इनके अतिरिक्त गुरू की सेवा, गुरू पद्यति में विश्वास रखे। परमात्मा की भक्ति और संत समागम करना अनिवार्य है।

अनुराग सागर के पृष्ठ 156 तथा पृष्ठ 157 का सारांश:-

इन पृष्ठों पर भी यही ज्ञान है और विषय-विकार त्यागना चाहिए, तब भक्ति सफल होगी।

अनुराग सागर के पृष्ठ 158-159 का सारांश:-

परमेश्वर ने बताया है कि उपदेशी को चाहिए कि 15वें दिन कोई धार्मिक अनुष्ठान यानि पाठ कराना चाहिए। यदि 15 दिन में नहीं करा सकता है तो महीने में अवश्य कराए। निर्धन के लिए कहा है कि यदि कोई रंक हो तो वर्ष में दो बार कराए या वर्ष में एक बार अवश्य कराए। यदि वर्ष में नहीं कराएगा तो वह भक्त साकट (भक्तिभाव हीन) कहलावेगा। एक वर्ष में भी पाठ करवाए तो उसके जीव को मोक्ष में धोखा नहीं।

कबीर नाम श्रद्धा से जपे यानि गर्व के साथ कबीर जी का नाम ले। शर्म नहीं करे कि यह भी कोई परमात्मा का नाम है। ऐसे कहने वालों से डरे नहीं, शर्मावै नहीं और इसके साथ-साथ तेरा (धर्मदास) नाम भी आदर से कहे।

भावार्थ है कि आदरणीय धर्मदास के साथ परमात्मा रहे, उनको सत्यलोक लेकर गए, अपना यथार्थ परिचय दिया। धर्मदास जी ने अपने आँखों देखा, कानों परमेश्वर से सुना आध्यात्मिक ज्ञान कबीर सागर, कबीर बानी, कबीर बीजक, कबीर शब्दावली को लिखकर मानव समाज पर महान उपकार किया है। इसलिए धर्मदास जी की महिमा भी करनी चाहिए।

भक्त को चाहिए कि भक्ति-साधना तथा मर्यादा का पालन अन्तिम श्वांस तक करे। जैसे शूरवीर युद्ध के मैदान में या तो मार देता है या स्वयं वीरगति को प्राप्त हो जाता है। वह पीछे कदम नहीं हटाता। संत तथा भक्त का रणक्षेत्र भक्ति मंत्र जाप तथा मर्यादा है। जो शिष्य गुरू से विमुख हो जाता है। नाम खण्डित कर देता है तो स्वाभाविक ही वह गुरू में कुछ दोष निकालेगा। जिस कारण से नरक में अग्नि कुण्ड में गिरेगा। यदि गुरू विमुख होकर भक्ति छोड़ देता है तो उसको भी बहुत हानि होती है।

उदाहरणः- जैसे इन्वर्टर को चार्जिंग पर लगा रखा है, वह चार्ज हो रहा है। यदि बीच में चार्जर निकाल लिया जाए तो वह इन्वर्टर जितना चार्ज हो गया था, उतनी देर लाभ देगा। फिर अचानक सर्व सुविधाऐं बंद हो जाएंगी। इसी प्रकार उस शिष्य की दशा जानें। गुरू शरण में रहकर मर्यादा में रहते हुए जितने दिन भक्ति की वह शक्ति आत्मा में जमा हो गई, उतनी आत्मा चार्ज हो गई। जिस दिन गुरू जी से विमुख हो गया, उसी दिन से भक्ति की शक्ति आनी बंद हो जाती है। यदि गुरू विमुख (गुरू से विरोध करके गुरू त्याग देना) होकर भी उसी गुरू द्वारा बताई गई साधना मंत्र आदि करता है तो कोई लाभ नहीं होता। जैसे बिजली का कनैक्शन कट जाने के पश्चात् पंखे, मोटर, बल्ब के स्विच (बटन) दबाते रहो, न पंखा चलेगा, न बल्ब जलेगा। यही दशा गुरू विमुख साधक की होगी। फिर नरक का भागी होगा। कबीर परमेश्वर जी ने कहा है कि:-

कबीर, मानुष जन्म पाकर खोवै, सतगुरू विमुखा युग-युग रोवै।
कबीर, गुरू विमुख जीव कतहु न बचै। अग्नि कुण्ड में जर-बर नाचै।।
कोटि जन्म विषधर को पावै। विष ज्वाला सही जन्म गमावै।।
बिष्टा (टट्टी) मांही क्रमि जन्म धरई। कोटि जन्म नरक ही परही।।

भावार्थ:- गुरू को त्याग देने वाला जीव बिल्कुल नहीं बचेगा। नरक स्थान पर अग्नि के कुण्डों में जल-बल (उबल-उबल) कर कष्ट पाएगा। वहाँ अग्नि के कष्ट से नाचेगा यानि उछल-उछलकर अग्नि में गिरेगा।

फिर करोड़ों जन्म विषधर (सर्प) की जूनी (शरीर) प्राप्त करेगा। सर्प के अपने अन्दर के विष की गर्मी बहुत परेशान करती है। गर्मी के मौसम में सर्प उस विष की उष्णता से बचने के लिए शीतलता प्राप्त करने के लिए चन्दन वृक्ष के ऊपर लिपटे रहते हैं। फिर वही गुरू विमुख यानि गुरू द्रोही बिष्टा (टट्टी-गुह) में कीड़े का जन्म प्राप्त करता है। इस प्रकार गुरू से दूर गया प्राणी महाकष्ट उठाता है। यदि गुरू नकली है तो उसको त्यागकर पूर्ण गुरू की शरण में चले जाने से कोई पाप नहीं लगता।

कबीर गुरू दयाल तो पुरूष दयाल। जेहि गुरू व्रत छुए नहीं काल।।

भावार्थ:- हे धर्मदास! यदि गुरू शिष्य के प्रति दयाल है यानि गुरू के दिल में शिष्य की अच्छी छवि है, मर्यादा में रहता है तो परमात्मा भी उस भक्त के ऊपर प्रसन्न है। अन्यथा उपरोक्त कष्ट शिष्य को भोगने पड़ेंगे।


 

FAQs : "51. भक्त के 16 गुण (आभूषण) | जीने की राह"

Q.1 सच्चे भक्त के क्या लक्षण होते हैं?

अनुराग सागर में बताया गया है कि एक सच्चे भक्त में 16 गुण होते हैं। एक सच्चे भक्त के सोलह लक्षण हैं जिसमें ज्ञान, विवेक, सत्य, संतोष, प्रेमयुक्त स्वभाव, धैर्य, छल-कपट से रहित, दया, क्षमा, विनम्रता, फल की आशा न रखते हुए भक्ति करना, त्याग, सांसारिक इच्छाओं से मुक्ति, शांति, अपनी आत्मा के उद्धार के लिए भक्ति करना और सभी को अपना मित्र मानना शामिल है।

Q.2 अनुराग सागर में ईश्वर को पाने के लिए किस बात की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया है?

अनुराग सागर के अनुसार ईश्वर को पाने के लिए भक्ति की शक्ति की ज़रूरत होती है क्योंकि भक्ति की शक्ति से ही संसारिक मुसीबतों से बचा जा सकता है। इसके अलावा ईश्वर को प्राप्त करने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान को एक महत्वपूर्ण साधन माना गया है। भक्ति करने से ही मोक्ष प्राप्त किया जा सकता है।

Q. 3 एक व्यक्ति को नाम दीक्षा लेने के बाद कितनी बार धार्मिक अनुष्ठान कराने चाहिएं?

एक व्यक्ति को 14 दिन में एक धार्मिक अनुष्ठान यानि एक 'पाठ' अवश्य कराना चाहिए। यदि किसी कारण से यह संभव नहीं है तो उसे कम से कम महीने में एक बार ज़रूर एक धार्मिक अनुष्ठान करवाना चाहिए। निर्धन व्यक्ति को कम से कम वर्ष में दो बार या कम से कम एक बार 'पाठ' ज़रूर करवाना चाहिए।

Q.4 जो व्यक्ति अपने गुरु और उनके द्वारा बताए गए मंत्र को त्याग देता है तो उसके साथ क्या होता है?

जो व्यक्ति अपने गुरु और उनके दिए गए मंत्र त्याग देता है, इसके बाद उसे मनमानी साधना करने से कोई लाभ नहीं मिलता। मृत्यु के बाद उसे नरक में अग्निकुंडों में डालकर तड़पाया जाता है। इसके अलावा उस पापी आत्मा को अनेकों जन्म सांप या मल में पैदा होने वाले कीड़ों के रूप में जन्म भोगना पड़ सकता है।

Q.5 अनुराग सागर के अनुसार भक्त को सभी के साथ मित्रता से क्यों रहना चाहिए?

अनुराग सागर में बताया गया है कि भक्त को सभी के साथ मित्रता से रहना चाहिए क्योंकि भक्त के इस गुण से सभी प्राणियों के बीच एकता और प्यार बना रहता है। इससे भक्ति करना और भक्ति मार्ग पर चलना दोनों ही आसान हो जाते हैं।

Q.6 अनुराग सागर के अनुसार भक्त को भक्ति मार्ग में धैर्य क्यों रखना चाहिए?

अनुराग सागर में यह कहा गया है कि भक्ति मार्ग में धैर्य होना बहुत ज़रुरी है क्योंकि भक्ति मार्ग में सांसारिक लाभ धैर्य से ही और समय आने पर ही मिलते हैं। एक धैर्यवान भक्त ही धैर्यपूर्वक अपनी भक्ति के फल की प्रतीक्षा करता है और तुरंत लाभ के लेने के लिए बेसब्री नहीं दिखाता।

Q.7 अनुराग सागर में भक्त में संतोष होने के बारे में क्या बताया गया है?

संतोष होने का मतलब है कि भक्त को ईश्वर द्वारा जो प्रदान किया जाता है, उसे ईश्वर की इच्छा मान कर स्वीकार करना चाहिए। उसमें मीन-मेख नहीं देखना चाहिए। भक्त को ईश्वर से अधिक संपत्ति नहीं मांगनी चाहिए क्योंकि ईश्वर को भी एक मां की तरह भक्त की सभी ज़रूरतों का पता होता है।


 

Recent Comments

Latest Comments by users
यदि उपरोक्त सामग्री के संबंध में आपके कोई प्रश्न या सुझावहैं, तो कृपया हमें [email protected] पर ईमेल करें, हम इसे प्रमाण के साथ हल करने का प्रयास करेंगे।
Samrath Agarwal

मैंने आपका पूरा लेख बहुत ध्यान से पढ़ा और इसमें वर्णित गुणों से मैं बहुत प्रभावित हूं। लेकिन वर्तमान में किसी भी व्यक्ति में ऐसे गुणों का होना बहुत कठिन है। यहां तक कि किसी महान कलयुगी आध्यात्मिक संत में भी ऐसे गुण नहीं मिलते। ऐसे में कोई आम व्यक्ति ऐसे गुणों को धारण कैसे कर सकता है?

Satlok Ashram

समरथ जी, आपने हमारे लेख को पढ़कर अपनी प्रतिक्रिया दी, इसके लिए हम आपके आभारी हैं। हम आपकी बात से सहमत हैं कि वर्तमान में इन गुणों का किसी में होना सच में कठिन बात है। लेकिन पूर्ण संत से नाम दीक्षा लेने के बाद इन गुणों को अपनाया और पालन दोनों किया जा सकता है क्योंकि तत्वदर्शी संत से नाम दीक्षा लेने के बाद व्यक्ति को ईश्वर से लाभ मिलना शुरु हो जाता है और व्यक्ति में नैतिक और आध्यात्मिक गुणों का विकास होता है। तत्वदर्शी संत ही एकमात्र ऐसा संत होता है जिनमें सभी गुण होते हैं। अधिक जानकारी के लिए आप "जीने की राह" पुस्तक पढ़िए और संत रामपाल जी महाराज जी के आध्यात्मिक प्रवचनों को यूट्यूब चैनल पर सुनिए।

Anjali Singh

हमारे पवित्र शास्त्रों में सच्चे गुरू से नाम दीक्षा लेने के लिए कहा गया है। लेकिन वर्तमाम युग में तो लग रहा है कि सभी धार्मिक संत धन के लालच में भोले भाले लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे में इन धार्मिक संतों पर कैसे विश्वास किया जा सकता है?

Satlok Ashram

अंजलि जी, हमें बहुत खुशी है कि आपने हमारा लेख पढ़ा। आपकी यह बात बिल्कुल सही है कि वर्तमान युग में बहुत से धार्मिक संत केवल भोले भाले लोगों से धन ऐंठने के लिए ही उन्हें गुमराह कर रहे हैं। लेकिन सभी गुरु एक जैसे नहीं होते क्योंकि एक पूर्ण गुरु अपने भक्तों को सही भक्ति मार्ग बताता है और उन्हें पूर्ण मोक्ष प्रदान करता है। हमारे पवित्र धार्मिक शास्त्रों में भी सच्चे गुरु का महत्व बताया गया है। इसलिए हमें सच्चे संत के बताए मार्ग पर पूर्ण विश्वास के साथ चलना चाहिए। इसकी अधिक जानकारी हेतु आप "जीने की राह" पुस्तक पढ़ सकते हैं और आप संत रामपाल जी महाराज जी के आध्यात्मिक प्रवचन यूट्यूब चैनल पर भी सुन सकते हैं।